चरण सिंह
तो क्या अब समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां का नंबर आ गया है। सीतापुर जेल में आजम खान की तबीयत ख़राब बताई जा रही है। आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आज़ाद और दूसरे कई नेता बीजेपी पर आजम खान का उत्पीड़न करने का आरोप लगा चुके हैं। चंद्रशेखर आज़ाद ने तो आजम खान की जान को खतरा भी बताया है।
यह चर्चा काफी दिनों से है कि अतीक अहमद और मुख़्तार अंसारी के बाद बीजेपी अब आजम खान को निपटाना चाहती है।
दरअसल आजम खान की तबीयत ख़राब होने की ख़बरें तो काफी समय से आ रही हैं पर आज जानकारी मिली है कि सीतापुर जेल में तबीयत ज्यादा बिगड़ चुकी है। गुरुवार को उनकी पत्नी तंजीम फातिमा और बेटे अदीब आजम ने उनसे जेल में मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई। यह मुलाकात जेल मैनुअल के अनुसार हुई और करीब 40 मिनट तक चली। इससे पहले भी 21 जून को उनके बेटे अब्दुल्ला आजम ने उनसे मुलाकात की थी और बताया था कि उनके पिता की तबीयत ठीक नहीं है। देखने की बात यह है कि अतीक अहमद की हत्या जिस नाटकीय अंदाज में हुई सबने देखा। मुख़्तार अंसारी की मौत से पहले भी उन्हें स्लो जहर देने का आरोप उनके परिजनों ने लगाया था।
ज्ञात हो कि आजम खान की तबीयत पहले भी खराब रही है। 2021 में उनकी पत्नी ने बताया था कि उन्हें फेफड़ों में संक्रमण मुंह में अल्सर और कमजोरी की शिकायत थी, जिसके कारण वे खाना नहीं खा पा रहे थे। उस समय उन्हें लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 2021 में उनकी हालत नाजुक होने की खबर थी, जब उनका ऑक्सीजन लेवल गिर गया था और उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम के साथ लखनऊ रेफर किया गया था।
हालांकि हालिया मुलाकातों में उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन उनके परिवार ने चिंता जताई है। आजम खान अक्टूबर 2023 से सीतापुर जेल में बंद हैं और कई मामलों में जमानत मिलने के बावजूद, अन्य लंबित मामलों के कारण उनकी रिहाई नहीं हो पाई है। उनके समर्थकों और परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें कोर्ट से राहत मिलेगी।