अस्पताल पहुंचा छात्र
मुजफ्फरपुर। जिले के सदर थाना क्षेत्र के यादव नगर में एक निजी आवासीय स्कूल में होमवर्क नहीं करने पर एक स्कूल टीचर ने छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। टीचर की पिटाई से छात्र के शरीर पर काफी गंभीर चोटें आई हैं। छात्र के शरीर पर चोट के निशान टीचर की बर्बरता की कहानी बयां कर रहे हैं। वहीं बच्चे अक्षित अयांश के परिजनों ने पुलिस से लिखित शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में स्कूल टीचर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गायघाट के रामनगर निवासी रोशन कुमार का बेटा अक्षित अयांश मुजफ्फरपुर के ही एक निजी आवासीय स्कूल में कक्षा चार में पढ़ता है। आरोप है कि जब अक्षित ने होमवर्क नहीं किया तो उसे स्कूल के टीचर सुधांशु कुमार ने जमीन पर गिराकर डंडे से बुरी तरह से पीटा। टीचर की इस पिटाई से अक्षित को काफी चोटें आई हैं। चोट के निशान अक्षित के शरीर पर साफ नजर आ रहे हैं।
घटना के बाद स्कूल से छात्र अक्षित ने जब घर पर फोन कर अपने परिवार वालों को पूरी बात बताई। घटना के बाद आक्रोशित परिवार के लोगों ने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के साथ परिजन स्कूल पहुंचे, तब जाकर बच्चे को परिजनों के हवाले किया गया। इस मामले में पुलिस ने छात्र के पिता की शिकायत पर स्कूल टीचर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अक्षित के परिवार के लोगों ने इस मामले में पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।







