महबूबा मुफ्ती ने कहा, “न सिर्फ मुफ्ती साहब बल्कि वाजपेयी दी ने कहा था कि आप अपने दोस्त बदल सकते हैं लेकिन पड़ोसी नहीं बदल सकते। ये अच्छी बात है कि आरएसएस के जनरल सेक्रेटरी ने ये बात कही है कि हमें पाकिस्तान के साथ बातचीत करनी चाहिए। आपने देखा कि ईरान जैसा एक छोटा सा मुल्क, दूसरी तरफ से अमेरिका इतना बड़ा सुपरपावर और इजरायल, उन्होंने ईरान पर कितने हमले किए. लेकिन आखिरकार मजबूर होकर चाहते हैं कि बातचीत से ही मसले का हल निकले. ऑपरेशन सिंदूर को एक साल हो गया. दोनों तरफ से अहसास है…मुझे तो लगता है कि कोई और रास्ता तो नहीं है। पूर्व सीएम ने आगे कहा, “जब वाजपेयी और मनमोहन सिंह के समय बातचीत का सिलसिला हुआ हुआ था तो जम्मू-कश्मीर पर इसका सकारात्मक असर हुआ था. यहां मिलिटेंसी भी कम हो गई थी. धर-पकड़ भी कम हो गई थी।
पीडीपी चीफ ने ये भी कहा, “जम्मू कश्मीर में आज घुटन है। धर-पकड़ का माहौल है। किसी ने कुछ सोशल मीडिया पर कोई बात कह दी है तो उसके खिलाफ एफआईआर हो जाती है या उसको थाने बुलाया जाता है। हमारे हजारों लोग मुल्क के दूसरे जेलों में बंद हैं. जब से नशे के खिलाफ ये अभियान चला है, हमारे जम्मू-कश्मीर के जेल भर गए हैं। अब यहां जगह नहीं है, इनको बाहर लेकर जाना पड़ रहा है…मुझे उम्मीद है अगर दोनों मुल्कों के बीच बातचीत होती है तो उसका जम्मू कश्मीर के माहौल पर सकारात्मक असर होगा।








