दरभंगा में निर्माणाधीन एम्स के पास निजी तौर पर विकसित की जा रही स्मार्ट सिटी की जमीन को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। बिशनपुर थाना क्षेत्र के पंचोभ में करीब आठ कट्ठा जमीन के विवाद को लेकर 10 से अधिक राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। गोलीबारी में विजय भगत नामक युवक घायल हो गया. उसे इलाज के लिए डीएमसीएच ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि करीब आठ कट्ठा जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा था। बुधवार को विवाद अचानक बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. इसी दौरान गोलीबारी शुरू हो गई, जिसमें विजय भगत को गोली लग गई। जमुई मामले पर अशोक चौधरी बोले- कानून का राज कायम रहेगा।
CCTV में कैद हुई तोड़फोड़
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. इसमें कई युवक निर्माणाधीन निजी स्मार्ट सिटी परिसर में घुसते नजर आ रहे हैं। फुटेज में युवक परिसर में खड़ी बाइक, कुर्सी और अन्य सामान को इधर-उधर करते और तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर इसमें शामिल लोगों की पहचान कर रही है।
एम्स के बाद बढ़ी जमीन की कीमत
स्थानीय लोगों के मुताबिक, एम्स के निर्माण के बाद पंचोभ और आसपास के इलाकों में जमीन की कीमतों में तेजी आई है. इसी वजह से जमीन को लेकर विवाद भी सामने आ रहे हैं. इस मामले में स्थानीय स्तर पर भूमाफिया के कथित नेटवर्क की चर्चा है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बिशनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस CCTV फुटेज खंगालने के साथ गोलीबारी में शामिल लोगों और विवाद की असली वजह का पता लगाने में जुटी है। जमीन के स्वामित्व और गोलीबारी की पूरी वजह पुलिस जांच के बाद साफ होगी।







