केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर जिले के कटोल में पारडसिंगा में आयोजित एकलव्य एकल विद्यालय टीचर-सुपरवाइजर ट्रेनिंग क्लास के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि पिछले 30 सालों से वो सार्वजनिक जीवन में सक्रिय थे लेकिन अब ज्यादा काम नहीं कर सकते हैं और नई पीढ़ी को मौका दिया जाना चाहिए. नितिन गडकरी का ये बयान खूब चर्चा में है।
नितिन गडकरी का ये बयान ऐसे समय में आया है जब कैबिनेट के फेरबदल को लेकर चर्चाएं बनी हुई हैं, उन्होंने कहा है कि मैं अभी ज़्यादा काम नहीं कर सकता, हमें नई पीढ़ी को मौका देना चाहिए। उन्होंने ये भी कहा कि पार्टी के लिए काम करते समय वह समोसे खाकर सो जाते थे, कोई डिसिप्लिन नहीं था।
कोरोना के बाद बदला लाइफस्टाइल
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि कोरोना काल के बाद उन्होंने अपनी लाइफस्टाइल बदल ली है और हर दिन योग कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ”आप जिंदगी का मजा तभी ले सकते हैं जब आपकी सेहत अच्छी हो। अगर आपकी सेहत अच्छी नहीं है, तो ताकत और दौलत किसी काम की नहीं है।
विकास पर की बात
नितिन गडकरी ने इसके तुरंत बाद विकास कार्यों की बात करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा आगे वाले समय में विकास का दायरा और बढ़ने वाला है. उनका लक्ष्य है कि महाराष्ट्र का कोई आदिवासी गांव बिजली से वंचित न रहे. साथ ही, राज्य में विकास साफ दिखाई दे। बता दें पिछले हफ्ते ही पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम बनी है. खास बात ये है कि इस 65 सदस्यों की टीम में 51 नए चेहरे हैं. इस टीम को पार्टी में पीढ़ीगत बदलाव के संकेत की तरह देखा जा रहा है।






