बिहार में नई सरकार की तैयारी शुरू हो गई है. एक अणे मार्ग स्थित सीएम हाउस से नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के सामान को शिफ्ट किया जाने लगा है। शनिवार को ट्रैक्टर से सामान ढोने की तस्वीर सामने आई। सात नंबर बंगले में सारे सामान भेजे जा रहे हैं. अब यहीं नीतीश कुमार का ठिकाना होगा।
सीएम हाउस में बदलाव की गतिविधियां तेज
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीते शुक्रवार (10 अप्रैल, 2026) को राज्यसभा के सदस्य के तौर पर शपथ ली है और अब बिहार में सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. बिहार में मुख्यमंत्री कौन होगा इसको लेकर कई नाम की चर्चा है। सीएम नीतीश के इस्तीफे की तारीख क्या होगी इस पर हर किसी की निगाहें टिकी हैं, लेकिन इससे पहले सीएम हाउस में बदलाव की जो गतिविधि है वह शुरू हो गई है।
सात सर्कुलर रोड में रह चुके हैं नीतीश कुमार
शनिवार को एक अणे मार्ग (मुख्यमंत्री आवास) से कई ट्रैक्टर बाहर निकले जिस पर सामान लदे हुए थे। ट्रैक्टर को मुख्यमंत्री आवास के पीछे से निकाला गया और यह सात सर्कुलर आवास में गया. बता दें कि सात सर्कुलर रोड मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ही आवंटित है. इस आवास में सीएम नीतीश कुमार कुछ दिनों तक रह चुके हैं।
सात सर्कुलर में कब रहने आए थे नीतीश कुमार?
जानकारी हो कि नीतीश कुमार ने 2014 में जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री पद की कुर्सी दी थी। उस दौरान नीतीश कुमार इसी सात सर्कुलर रोड में रहने आए थे। अब एक बार फिर जब नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य के लिए शपथ ले चुके हैं और जल्द ही बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे तो ऐसे में वे (नीतीश कुमार) जो भी सामान है वो अपना शिफ्ट कराने लगे हैं।







