दिलीप ट्रॉफी में डेब्यू करते ही वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा में आ गए। इस बार वजह उनका बल्ला नहीं, बल्कि उनकी जर्सी है. ईस्ट जोन के लिए खेल रहे 15 साल के वैभव की जर्सी के पीछे नंबर का एक हिस्सा टेप से ढका हुआ नजर आया, जिसके बाद इसे लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें होने लगीं. वैभव ईस्ट जोन टीम के उप कप्तान हैं।
जर्सी पर सिर्फ ‘3’ दिखा
वैभव की जर्सी पर टेप इस तरह लगाया गया था कि पीछे सिर्फ 3 नंबर नजर आ रहा था। हालांकि, उन्होंने ऐसा क्यों किया, इसकी आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह संभव है कि जर्सी पर कोई गलत नंबर छप गया हो और उसे छिपाने के लिए वैभव ने टेप का इस्तेमाल किया हो। दरअसल, नंबर 3 वैभव के लिए नया नहीं है। वह आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए इसी नंबर की जर्सी पहनते हैं। भारत के लिए डेब्यू करने के दौरान भी उनकी जर्सी का नंबर 3 ही था। ऐसे में दिलीप ट्रॉफी में भी इसी नंबर को दिखाने की उनकी कोशिश ने लोगों का ध्यान खींच लिया।
उप कप्तान बनाए गए हैं वैभव
वैभव को दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन का उप कप्तान बनाया गया है. खास बात यह है कि वह सिर्फ 15 साल की उम्र में इतनी बड़ी घरेलू टीम की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। टीम की कप्तानी ईशान किशन कर रहे हैं। हालांकि, मैदान पर उनका डेब्यू उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ वह सिर्फ 6 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी छोटी पारी में लगातार दो चौके लगाए, लेकिन इसके बाद गेंद को गली की दिशा में खेल बैठे और कैच देकर पवेलियन लौट गए।
नंबर 3 से खास कनेक्शन
वैभव का नंबर 3 से खास जुड़ाव पहले से रहा है. राजस्थान रॉयल्स में भी उनकी पहचान इसी नंबर से है और भारतीय टीम के साथ उनके शुरुआती सफर में भी यही नंबर देखने को मिला. इसलिए दिलीप ट्रॉफी की जर्सी पर नंबर को लेकर हुई यह हलचल फैंस के लिए दिलचस्प बन गई. फिलहाल यह साफ नहीं है कि जर्सी पर टेप लगाने का फैसला खुद वैभव का था या जर्सी से जुड़ी किसी तकनीकी समस्या की वजह से ऐसा किया गया. इसलिए इसे लेकर किसी पक्के कारण का दावा करना जल्दबाजी होगी।







