संजय श्रीवास्तव
राजापाकर। वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के दिलावरपुर गोवर्धन वार्ड संख्या 13 में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह वारदात राज किशोर सिंह के घर में हुई। वे अपने बेटे की तबीयत खराब होने के कारण 9 जून से रायगढ़ में हैं, जहां उनका बेटा सूर्यभूषण सिंह उर्फ बिट्टू, जो जिंदल कंपनी में डाटा इंजीनियरिंग ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं, एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गया था। इसी कारण राज किशोर सिंह अपनी पत्नी के साथ रायगढ़ में उसका इलाज करवा रहे थे।
इस बीच 10 जून से 14 जुलाई के बीच के किसी दिन चोरों ने उनके बंद घर के पिछले दरवाजे से प्रवेश कर ताले तोड़े और घर का सामान तहस-नहस कर दिया। चोर घर से सैमसंग एलईडी टीवी, इन्वर्टर, जेवरात और बर्तन सहित अन्य कीमती सामान चुरा ले गए।
घटना की जानकारी 14 जुलाई को विवेक कुमार (राज किशोर के भतीजे) ने फोन के माध्यम से दी, जिसके बाद राज किशोर सिंह 15 जुलाई को घर पहुंचे और पूरे मामले की पुष्टि हुई।
घटना की सूचना मिलने के बाद 112 नंबर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। बिदुपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।








