जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में बुधवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (CIK) यूनिट ने कश्मीर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (KCCI) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मुबीन अहमद शाह की करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति जब्त कर ली। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई भारत विरोधी और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों से जुड़े एक मामले में की गई है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई CIK पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR नंबर 07/2020 के तहत की गई. अधिकारियों ने बताया कि कोर्ट के आदेश और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया पूरी की गई। ऑपरेशन का नेतृत्व डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस निसार अहमद और डिस्ट्रिक्ट इन्वेस्टिगेशन ईस्ट के इंस्पेक्टर राशिद खान ने किया।
बुचवारा स्थित 12 मरला जमीन की गई जब्त
CIK की टीम ने श्रीनगर के डलगेट इलाके के बुचवारा में स्थित डॉ. मुबीन शाह के घर पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान उनके नाम पर दर्ज 12 मरला जमीन को जब्त कर लिया गया। यह संपत्ति खसरा नंबर 236 और 337 तथा सर्वे नंबर 889/703, 595/353 और 888 के अंतर्गत आती है। अधिकारियों के अनुसार, इस जमीन की कीमत करोड़ों रुपये में है।
डॉ. मुबीन शाह को 6 अगस्त 2019 को उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटने का फैसला लागू किया था। उस दौरान कई राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक नेताओं के साथ उन्हें भी पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) के तहत हिरासत में लिया गया था।
बाद में उनकी मलेशियाई पत्नी ने इस हिरासत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। इसके बाद दिसंबर 2019 में उन्हें आगरा जेल से अस्थायी रूप से रिहा किया गया और बाद में जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने उनके खिलाफ लगाया गया PSA आदेश वापस ले लिया।
सोशल मीडिया कैंपेन बना जांच का आधार
इसी आधार पर जून 2020 में उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, यह मामला कश्मीर में रहने वाले गैर-स्थानीय लोगों के खिलाफ कथित फेसबुक पोस्ट से भी जुड़ा हुआ है।
अधिकारियों ने बताया कि डॉ. मुबीन शाह वर्ष 2006 से 2008 तक KCCI के अध्यक्ष रहे थे। उन्होंने एक मलेशियाई नागरिक से शादी की है और दिसंबर 2019 से अपने परिवार के साथ मलेशिया में रह रहे हैं। पुलिस का दावा है कि उन्होंने मलेशिया की नागरिकता भी हासिल कर ली है. वहीं, पहले वे हैंडीक्राफ्ट कारोबार से जुड़े रहे और हर साल कश्मीर आया करते थे।






