बिहार में आरजेडी के बाद अब जेडीयू ने मांग कर दी है कि सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को डिप्टी पीएम बनाया जाए। जेडीयू के विधायक पंकज मिश्रा ने कहा कि नीतीश कुमार को डिप्टी पीएम बनाया जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि बिहार के लोग भी यही चाहते हैं। पंकज मिश्रा ने कहा कि नीतीश कुमार 20 सालों तक बिहार के सीएम रहे। उससे पहले केंद्र में मंत्री रहे, ऐसे में उनके अनुभव का लाभ लिया जाना चाहिए। जेडीयू विधायक ने कहा, “ऐसा सुने हैं कि मोदी मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। नीतीश कुमार तो मंत्री केंद्र में रह चुके हैं। इसलिए डिप्टी पीएम बनाया जाए, वही उचित सम्मान होगा।
नीतीश कुमार को बनाया जाए डिप्टी पीएम- आरजेडी
इससे पहले आरजेडी के सीनियर लीडर मुकेश रोशन ने कहा कि नीतीश कुमार को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी दी जाए। उन्होंने कहा कि कृषि और रेलवे जैसे अहम मंत्रालय नीतीश कुमार को मिले और उप-प्रधानमंत्री भी बनाया जाए. आरजेडी नेता ने कहा कि बिहार के लिए यह गौरव की बात होगी।
राज्यसभा के सदस्य हैं नीतीश कुमार
दरअसल, केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में कैबिनेट विस्तार की अटकलें हैं। ऐसे में जेडीयू ने मौका देखते हुए नीतीश कुमार का नाम उछाल दिया है। नीतीश कुमार मौजूदा वक्त में राज्यसभा के सदस्य हैं और जेडीयू की कमान उनके हाथों है. उनके बेटे निशांत कुमार बिहार में स्वास्थ्य मंत्री हैं। बता दें कि नीतीश कुमार ने 14 अप्रैल 2026 को बिहार के सीएम पद से इस्तीफा दे दिया। 10 अप्रैल को राज्यसभा के लिए चुने गए। 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. बीजेपी के लिए सम्राट चौधरी का सीएम बनना बड़ी बात रही क्योंकि पहली बार राज्य में पार्टी को ये पद मिला।







