महाराष्ट्र के धाराशिव जिले में मशहूर नलदुर्ग किले से एक दुखद खबर सामने आ रही है। यहां एक राष्ट्रीय स्तर की महिला पहलवान ने अपने दो बच्चों के साथ 80 फीट ऊंचे ‘उपली बुर्ज’ से कूदकर जान दे दी। मृतक महिला के पिता ने पति एवं तीन अन्य लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है। मृतक महिला की पहचान अश्विनी मनोहर पोल (30 वर्ष) के रूप में हुई है और राष्ट्रीय स्तर की पहलवान थीं. अश्विनी को ‘महाराष्ट्र की शेरनी’ भी कहा जाता था. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला?
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, वहांतल गांव में अपने माता-पिता के साथ रहने वाली अश्विनी मनोहर पोल गुरुवार (3 सितंबर) को अपने पांच साल के बेटे अजिंक्य और ढाई साल की जुड़वां बेटियों वीरा और क्रांति के साथ ऐतिहासिक जगह पर गई थीं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला और उसके तीन बच्चे किले के सबसे ऊंचे हिस्से, ‘ऊपली बुर्ज’ से गिर गए. इस हादसे में बेटे अजिंक्या और जुड़वां बेटियों में से एक क्रांति की मौत हो गई है. वहीं, दूसरी जुड़वा बेटी वीरा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका धाराशिव के सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है।
पिता ने दर्ज कराई शिकायत
अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में इस मामले में दुर्घटनावश मौत की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, लेकिन बाद में महिला के पिता ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर नलदुर्ग पुलिस थाने में उसके पति, ससुर और पीड़िता की दो महिला रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान उसके पति मनोहर पोल, उसके पिता अंकुश पोल और दो महिला रिश्तेदारों के तौर पर की गई है. ये सभी लातूर जिले के अंबुलगा के रहने वाले हैं।
दहेज को लेकर करते थे परेशान
अधिकारी ने कहा कि अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. मृतक महिला के पिता तानाजी मोहिते ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी दहेज और जुड़वां बेटियों को जन्म देने को लेकर उसे परेशान करते थे। ,उन्होंने बताया कि ससुराल पक्ष लगातार महिला पर पैसे और सोने की चूड़ियों की मांग कर रहे थे। महिला का पति और परिवार उसपर ऑटो-रिक्शा खरीदने के लिए पैसे का इंतजाम करने का दबाव बना रहे थे।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
मृतक महिला के पिता कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 80 (दहेज के कारण मौत), 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 85 (महिला के साथ क्रूरता) और धारा 3(5) (साझा इरादा) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस जांच में ये भी सामने आया है कि ससुराल पक्ष के साथ तनाव के कारण अश्विनी पिछले तीन महीनों से अपने पिता के घर ही रही थी।
कौन थी अश्विनी पोल?
अश्विनी पोल राष्ट्रीय स्तर की जानी-मानी पहलवान थीं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती मुकाबलों में कुल 5 गोल्ड और 6 सिल्वर मेडल जीते थे. कुश्ती में उनके शानदार प्रदर्शन की वजह से उन्हें ‘महाराष्ट्र की शेरनी’ के नाम से जाना जाता था. अश्विनी मुंबई में महाराष्ट्र सिक्योरिटी फोर्स (MSF) में कार्यरत थीं। उन्होंने कुछ महीने पहले अपने पति मनोहर पोल की सलाह पर अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया था. पति के साथ चल रहे विवाद के कारण वो पिछले तीन महीने से अपने पिता के घर रह रही थीं।
अश्विनी के परिवार का कुश्ती से गहरा नाता रहा है. उनके पिता ने अपनी बेटी की प्रैक्टिस के लिए घर से ही ट्रेनिंग की शुरूआत की थी. अश्विनी ने कई नेशनल लेवल की कुश्ती प्रतियोगिताओं में महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 2007 में तिरुवनंतपुरम में और 2008 और 2009 में भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में गोल्ड मेडल जीते. जानकारी के अनुसार, अश्विनी ने अपने पूरे करियर में 5 गोल्ड और 6 सिल्वर मेडल जीते थे।





