Maharashtra Suicide Case: महाराष्ट्र के बीड जिले के अंबाजोगाई शहर से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मोरेवाड़ी इलाके में एक नवविवाहित युवक ने शादी के महज 12 दिन बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक की पहचान गणेश दत्तू कोली के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के चंद्रपुर राजस्व विभाग में तलाठी के पद पर कार्यरत थे. उनकी पत्नी अंबाजोगाई के अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के फोरेंसिक विभाग में अनुबंध के आधार पर काम करती हैं.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, गणेश कोली अपनी पत्नी के साथ मोरवाड़ी इलाके में किराए के मकान में रह रहा था. घटना के दिन उनकी पत्नी ड्यूटी पर गई हुई थी, तभी गणेश कोली ने कमरे में लोहे के हुक से रस्सी बांधकर फांसी लगा ली. इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में दुख व्यक्त किया जा रहा है.
क्या है आत्महत्या का कारण?
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
नवविवाह के बाद इतने कम समय में हुई इस घटना से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इलाके में भी उस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं कि आखिर गणेश कोली ने यह कदम क्यों उठाया।








