भारत ने इंग्लैंड को 270 रनों से हरा दिया है।142 साल के इतिहास में यह लॉर्ड्स मैदान पर सबसे पहला महिला टेस्ट मैच था, जिसे जीतकर भारतीय महिला टीम ने इतिहास रच डाला है. चौथी पारी में मेजबान इंग्लैंड को 457 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन अंग्रेज टीम 186 रनों पर ऑलआउट हो गई।
पहली पारी में 115 रनों की विशाल बढ़त कायम करने के बाद टीम इंडिया ने दूसरी पारी 341 के स्कोर पर घोषित कर दी थी। 457 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई इंग्लैंड की हार तीसरे ही दिन लगभग पक्की हो गई थी, क्योंकि उसके 5 विकेट सिर्फ 59 रन पर गिर गए थे. एमी जोन्स और सोफी एक्लेस्टोन ने अर्धशतकीय पारी खेल इंग्लिश टीम की जीत की उम्मीद बांधे रखी, लेकिन अंत में पूरी टीम 186 रन ही बना सकी।
टीम इंडिया की पहली पारी 285 रनों पर सिमट गई थी। सबकी उम्मीदों से उलट मेजबान इंग्लैंड की पहली पारी मात्र 170 रनों पर सिमट कर रह गई. टीम इंडिया बड़ी बढ़त लेकर उतरी थी और दूसरी पारी 341 रन पर घोषित की. भारत के लिए इस पूरे मैच में क्रांति गौड़ ने कुल 7 विकेट और स्नेह राणा ने 6 विकेट चटकाए।
क्रांति और यास्तिका रहीं जीत की हीरो
भारत की इस ऐतिहासिक जीत में क्रांति गौड़ और यास्तिका भाटिया का सबसे बड़ा योगदान रहा. दरअसल पहली पारी में क्रांति गौड़ ने 5 विकेट हॉल पूरा किया था, वो लॉर्ड्स मैदान पर किसी टेस्ट मैच में फाइफर लेने वाली पहली महिला क्रिकेटर बनी थीं। 115 रनों की बढ़त ले चुकी टीम इंडिया के लिए दूसरी पारी में यास्तिका भाटिया ने 113 रनों की शतकीय पारी खेली. यह उनके इंटरनेशनल करियर का पहला शतक और लॉर्ड्स मैदान पर महिला टेस्ट मैच में लगाई गई सबसे पहली सेंचुरी भी रही।
भारत की लड़कियों ने लिया बदला
इस समय भारत की मेंस टीम भी इंग्लैंड दौरे पर है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया को टी20 सीरीज में 0-4 से हार मिली थी. मगर लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए सबसे पहले टेस्ट मैच को 270 रनों से जीतकर भारत की लड़कियों ने मेंस टीम की हार का बदला लिया है।
142 साल बाद आई ‘ऐतिहासिक’ जीत
दरअसल लॉर्ड्स मैदान पर सबसे पहला क्रिकेट मैच साल 1884 में खेला गया था। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की पुरुष टीमों के बीच खेले गए उस मुकाबले के 142 साल बाद लॉर्ड्स मैदान पर महिला टीमों के बीच कोई टेस्ट मैच खेला गया, किसी महिला टीम को लॉर्ड्स मैदान पर कोई टेस्ट मैच जीतने के लिए 142 साल लंबा इंतजार करना पड़ा. सौभाग्य से हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने यह ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया है।







