विधायक निरंजन राय रहे मुख्य अतिथि
मुजफ्फरपुर/गायघाट। मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत लदौर पंचायत के पुरानानकार उत्क्रमित मध्य विद्यालय परिसर में इंटरस्तरीय भवन का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गायघाट विधायक निरंजन राय शामिल हुए।
विधायक के साथ पूर्व मुखिया दीपक झा, युवा नेता राहुल कुमार, कलेशर यादव, रीगा राय, अरविंद राय, रामजी सहनी, नथूनी सहनी, रौशन कुमार, भरत मंडल, सुगीया देवी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस मौके पर विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य मनोज कुमार, शिक्षक अजीत कुमार, नवीन साही सहित अन्य शिक्षकों की भी सक्रिय भागीदारी रही।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित सभी वक्ताओं ने ग्रामीणों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करें और शिक्षा को प्राथमिकता दें। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विद्यालय में चहारदीवारी निर्माण और मिट्टी भराई जैसे आवश्यक विकास कार्यों के लिए सहयोग की मांग भी रखी।
गांव के लोगों में इंटरस्तरीय शिक्षा की सुविधा शुरू होने से खासा उत्साह है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे अब उनके बच्चों को उच्चतर शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे शिक्षा का स्तर भी बेहतर होगा।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को सम्मानित किया गया और बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की गई।








