हरिद्वार जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक डॉक्टर पति ने अपनी ही बीमार पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी को दवा देने के बहाने पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस मामले का खुलासा विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट आने के बाद हुआ, जिसमें जहरीले पदार्थ से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार, बहादराबाद थाना क्षेत्र में यह घटना चार फरवरी 2026 को सामने आई थी। मरगूबपुर निवासी मोहम्मद अनीश ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन को उसके पति अफजाल ने जानबूझकर जहर देकर मार डाला. शिकायत में बताया गया कि महिला लंबे समय से बीमार थी और उसका इलाज चल रहा था। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी ने उसे दवा के नाम पर जहरीला पानी पिला दिया।
मामला संदिग्ध होने पर पुलिस ने शुरू की थी जांच
घटना के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जिम्मेदारी प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने खुद संभाली।
मृतका का बिसरा रिपोर्ट भेजा एफएसएल
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य जुटाए और पोस्टमार्टम के बाद मृतका का बिसरा सुरक्षित कर उसे जांच के लिए एफएसएल भेजा गया। कुछ समय बाद आई एफएसएल रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत जहरीले पदार्थ के सेवन से हुई थी। इस रिपोर्ट ने पूरे मामले को हत्या में बदल दिया।
वैज्ञानिक साक्ष्यों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी पति अफजाल की भूमिका संदिग्ध से स्पष्ट हो गई। इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी क्षेत्र छोड़कर फरार होने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शनिवार को बढ़ेड़ी राजपूतान हाईवे पुल, शांतर्शाह क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने कबूल किया जुर्म
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, उसने बताया कि उसकी पत्नी लंबे समय से बीमार थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था. इसी परेशानी के चलते उसने पत्नी को रास्ते से हटाने का खौफनाक फैसला लिया और उसे जहर देकर मार डाला। पुलिस ने आरोपी अफजाल (38), निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, कोतवाली बहादराबाद के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस घटना ने एक बार फिर रिश्तों में गिरती संवेदनाओं को उजागर कर दिया है। जहां एक पति को अपनी पत्नी का सहारा बनना चाहिए था, वहीं उसने उसकी जिंदगी छीन ली। इलाके में इस घटना के बाद दहशत और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।







