झारखंड के गिरिडीह जिले से सोमवार सुबह एक दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई. जिले के जाने-माने डॉक्टर बी.एन. झा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लखारी इलाके के एक कुएं से बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई. सालों तक लोगों की सेवा करने वाले डॉक्टर की अचानक हुई मौत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है।
मॉर्निंग वॉक पर निकले, फिर नहीं लौटे घर
परिजनों के अनुसार, डॉ. बी.एन. झा रोज की तरह सोमवार सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब वे वापस नहीं लौटे तो परिवार और परिचितों ने उनकी तलाश शुरू की. इसी दौरान सूचना मिली कि लखारी क्षेत्र के एक कुएं में एक शव पड़ा है. मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान डॉ. झा के रूप में हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, मरीज और डॉक्टर के शुभचिंतक एकत्र हो गए. सभी इस घटना से गहरे सदमे में नजर आए।
मौत की वजह पर अभी सस्पेंस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
डॉ. बी.एन. झा गिरिडीह के प्रतिष्ठित चिकित्सकों में गिने जाते थे। उन्होंने वर्षों तक अपनी चिकित्सा सेवा, सादगी और मानवीय व्यवहार से लोगों का विश्वास जीता था. उनके निधन को जिले के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह हादसा था, आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।







