उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र में बदमाशों ने शहर के एक व्यापारी के घर को निशाना बनाया है। हथियार लैस बदमाशों ने घर में घुसकर न सिर्फ लूटपाट की, बल्कि पूरे परिवार को बंधक बना लिया और घर से एक किलो से अधिक सोने के आभूषण, लाखों रुपये की नकदी समेटकर फरार हो गए। घटना के बाद मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने घटना के खुलासे के लिए सख्त निर्देश दिये। डकैती के खुलासे के लिए रेंज स्तर से तीन अतिरिक्त टीमें भेजी गई हैं, जो स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर काम कर रही हैं। पुलिस के हाथ कुछ अहम सीसीटीवी फुटेज भी लगे हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने जल्द ही बदमाशों को दबोचने का दावा किया है।
जानकारी के अनुसार, लकड़ी और कंस्ट्रक्शन कारोबारी नरेंद्र कुमार का गढ़ रोड पर घर है। यहां मध्य रात्रि में चार शातिर बदमाश हथियारों के साथ उद्योगपति के घर में दाखिल हुए। बदमाशों ने घर में मौजूद तीन पारिवारिक सदस्यों और चौकीदार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया और एक कमरे में बंद कर दिया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
इसके बाद बदमाशों ने डरा-धमकाकर चाबी ली और सेफ में रखे एक किलो से अधिक सोने के आभूषण और लाखों रुपये की नकदी समेटकर फरार हो गए। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी तथा जिले के कप्तान भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
कैश और ज्वेलरी लेकर भागे बदमाश
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि हापुड़ देहात थाना क्षेत्र में मध्य रात्रि एक सूचना प्राप्त हुई थी। पीड़ित द्वारा बताया गया कि चार लोग घर पर आए थे, जिन्होंने तीन पारिवारिक लोग और चौकीदार को फोर्सफुली एक कमरे में कनफाइन कर दिया। इसके बाद चाबी लेकर सेफ से कैश और ज्वेलरी लूटकर चले गए।
घटना के खुलासे के लिए लगाई गईं पुलिस टीमें
डीआईजी ने बताया कि जनपद स्तर पर पुलिस टीमें लगा दी गई हैं और कुछ सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगे हैं। इसके अलावा रेंज स्तर से भी तीन अतिरिक्त टीमें जनपद पुलिस की मदद के लिए लगाई गई हैं। जल्द ही घटना का अनावरण कर अपराधियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी वाली जल्द होगा लूट की घटना का खुलासा
वारदात के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा स्थानीय टीमों के साथ-साथ रेंज स्तर से भी 3 अतिरिक्त विशेष टीमें बुलाई गई हैं, जो जनपद पुलिस के साथ मिलकर काम कर रही हैं। पुलिस को कुछ अहम सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनके आधार पर बदमाशों के रूट्स को ट्रेस किया जा रहा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी साक्ष्य एकत्रित कर घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।








