गुजरात के विसावदर और कड़ी विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद पार्टी में हड़कंप मच गया है। इसके चलते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। गोहिल ने कहा कि उन्होंने हार की जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा जताते हुए कहा कि वह हमेशा कांग्रेस के अनुशासित सिपाही बने रहेंगे।
उपचुनाव में विसावदर सीट पर आप के गोपाल इटालिया ने बीजेपी के किरीट पटेल को 17,554 मतों से हराया, जबकि कांग्रेस के नितिन राणा परिया तीसरे स्थान पर रहे। कड़ी सीट पर बीजेपी ने जीत दर्ज की। इस हार ने गुजरात में कांग्रेस की कमजोर स्थिति को फिर से उजागर किया है, जहां वह पिछले 30 वर्षों से सत्ता से बाहर है।








