फरार अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा
राजन द्विवेदी
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में फरार वारंटियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जिले भर में कुर्की-जब्ती का महाअभियान शुरू किया गया है, जो एक सप्ताह तक चलेगा। इस दौरान कुल 500 घरों की कुर्की-जब्ती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के पहले दिन ही पुलिस ने 100 फरार आरोपियों के घरों की कुर्की की कार्रवाई की, जबकि 12 से अधिक आरोपियों ने थानों और न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं 33 वारंटियों ने न्यायालय में रीकाल जमा कर कुर्की से राहत पा ली।
शुक्रवार को दूसरे दिन भी जिले के सभी थाना क्षेत्रों में कार्रवाई जारी रही, जिसकी निगरानी एसडीपीओ स्तर के अधिकारी कर रहे हैं। एसपी स्वर्ण प्रभात ने साफ तौर पर कहा कि जो वारंटी कानून का सम्मान करते हैं, वे न्यायालय या थाना में आत्मसमर्पण कर लें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान के तहत हत्या, लूट, बलात्कार, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में वांछित अभियुक्तों को टारगेट किया जा रहा है। कुर्की की इस कार्रवाई से पूरे जिले में अपराधियों में खौफ और बेचैनी का माहौल बन गया है।








