जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने BJP शासित राज्यों द्वारा यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने की कोशिश पर सवाल उठाते हुए कहा कि राष्ट्रीय महत्व के मुद्दे पर कानून को अलग-अलग राज्यों के बजाय संसद में लाया जाना चाहिए। अब्दुल्ला ने कहा, ‘अगर आपके पास बहुमत है, तो इसे संसद में लाएं. आप इसे अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग क्यों कर रहे हैं?’ उन्होंने तर्क दिया कि अगर UCC सिर्फ BJP शासित राज्यों में लागू होता है, तो इसे ‘यूनिवर्सल’ (सभी के लिए समान) नहीं कहा जा सकता।
उन्होंने कहा, ‘पूरे देश में BJP का शासन नहीं है. कई ऐसे राज्य और केंद्र शासित प्रदेश हैं जहां BJP की सरकार नहीं है। अब्दुल्ला ने BJP के नेतृत्व वाले नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) के भीतर मतभेदों की ओर भी इशारा किया और कहा कि इसके कुछ सहयोगी दल अपने राज्यों में UCC लागू करने के पक्ष में नहीं हैं।
उन्होंने कहा, ‘रिपोर्टों के अनुसार, जनता दल (यूनाइटेड) ने साफ कहा है कि इसे बिहार में लागू नहीं किया जाएगा. तो अगर उनके अपने सहयोगी ही इसके लिए तैयार नहीं हैं, तो वे कैसे कह सकते हैं कि इसे पूरे देश में लागू किया जाना चाहिए?’
उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण कदम पर संसद को फैसला लेना चाहिए, क्योंकि संसद पूरे देश का प्रतिनिधित्व करती है.
‘क्या आप इसे पास करा पाते हैं?’
अब्दुल्ला ने कहा, ‘इस तरह के मामले पर अलग-अलग राज्यों को फैसला नहीं लेना चाहिए. इस पर पूरे देश को फैसला लेना चाहिए.पूरे देश का प्रतिनिधित्व राज्यों में नहीं, बल्कि संसद में होता है. कानून को संसद में आने दें.’
अब्दुल्ला ने यह भी सवाल किया कि सरकार राज्यों के जरिए UCC को आगे क्यों बढ़ा रही है, जबकि अन्य बड़े विधायी प्रस्तावों पर संसद में चर्चा की गई है। उन्होंने कहा, ‘अब तक, जब भी उन्होंने संसद में कानून की बात की है – चाहे वह ‘एक देश, एक चुनाव’ हो या आरक्षण – तो वे इसे संसद में नहीं लाए हैं. अब, इसके साथ भी, वे इसे राज्यों में लाने की बात कर रहे हैं. इसे संसद में लाएं और देखें कि क्या आप इसे पास करा पाते हैं।







