Site icon

8 लाख महिलाओं तक पहुंचेगा मुख्यमंत्री का संदेश पत्र

 बदलते बिहार की कहानी सुनाएंगी महिलाएं

मुजफ्फरपुर। बिहार सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी अब जिले की हर महिला तक पहुंचाई जा रही है। मुख्यमंत्री का संदेश पत्र जिले की 8 लाख महिलाओं तक पहुँचाने के लिए जीविका द्वारा विशेष मुहिम चलाई जा रही है। अब तक महिला संवाद कार्यक्रम के ज़रिए 1.25 लाख महिलाओं तक यह संदेश पहुँच चुका है।

गुरुवार को जिले के सभी प्रखंडों में 29 महिला संवाद रथ के माध्यम से ग्राम संगठनों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अभियान 16 जून तक चलाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान वीडियो, लीफलेट और प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

हर संवाद सत्र दो घंटे का होता है, जिसमें 45 मिनट की वीडियो प्रस्तुति के ज़रिए आरक्षण नीति, साइकिल योजना, पोषाक योजना, जीविका, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान जैसे विषयों पर जानकारी दी जाती है। इसके बाद 45 मिनट के संवाद में उन महिलाओं को मंच दिया जाता है जिन्होंने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

इसके अलावा उपस्थित महिलाओं से स्थानीय और नीतिगत आकांक्षाएं भी दर्ज की जा रही हैं, जिन्हें एक ऐप पर दस्तावेजीकृत किया जा रहा है। महिलाएं सरकार से सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता, संपत्ति निर्माण, स्वरोजगार, समाज सुधार, और नीतिगत सुधार से जुड़ी मांगें भी रख रही हैं।

इस संवाद कार्यक्रम की खास बात यह रही कि इसमें महिलाओं के साथ पुरुषों की भी भागीदारी दिखी। गुरुवार को हुए कार्यक्रम में 12,000 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि ग्रामीण बिहार में अब जागरूकता और बदलाव की लहर तेज़ी से बढ़ रही है।

Exit mobile version