रिकॉर्ड संरक्षण को मिलेगी नई मजबूती
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को पटना के नेहरू पथ स्थित अभिलेख प्रकोष्ठ भवन परिसर में नये बहुमंजिला भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण करते हुए निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभिलेखों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इनकी सुरक्षा और सुव्यवस्थित संरक्षण के लिए आधुनिक एवं सुसज्जित भवन की जरूरत थी। इस दृष्टिकोण से अभिलेख भवन के पीछे नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि महत्वपूर्ण दस्तावेजों को बेहतर तरीके से संरक्षित किया जा सके।
श्री कुमार ने निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि भवन निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। इसके बाद उन्होंने अभिलेख भवन परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, सचिव कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, अभिलेख भवन के निदेशक डॉ. मो. फैसल अब्दुल्लाह समेत कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।








