मुजफ्फरपुर/बन्दरा। प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय मुन्नी मुसहर में कार्यरत विशिष्ट शिक्षिका रीना कुमारी के स्थानांतरण के उपरांत विद्यालय परिसर में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी सहित कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका रीना कुमारी को शॉल, पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। पंचायत समिति सदस्य रेखा देवी ने रीना कुमारी के शिक्षण कार्य, अनुशासन व समर्पण भाव की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से तिथि भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें ग्रामीणों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि रीना कुमारी ने विद्यालय में न केवल शिक्षा का उजाला फैलाया, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाई। उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।
कार्यक्रम का संचालन प्रधानाध्यापक व अन्य शिक्षकों द्वारा किया गया। मौके पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं शिक्षकगण मौजूद रहे।








