एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट इवेंट में गुरुवार को श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने दूसरे सेमीफाइनल में श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। पाकिस्तान पहले से ही फाइनल में पहुंच चुका था। अब भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार को गोल्ड मेडल मैच खेला जाएगा. यह मुकाबला भारतीय समय के अनुसार सुबह 10 बजे से शुरू होगा। बात करें श्रीलंका के खिलाफ हुए सेमीफाइनल की, तो यहां टीम इंडिया ने एकतरफा जीत हासिल की। निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में श्रीलंका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बैटिंग के लिए उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन बनाए. चेज करते हुए श्रीलंका 9.5 ओवर में सिर्फ 45 रन पर ऑलआउट हो गई.
भारत के लिए बैटिंग में चमके ईशान किशन
ईशान किशन ने मुश्किल पिच पर शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 80 रन बनाए. उनकी इस पारी की बदौलत टीम इंडिया 160 का आंकड़ा पार कर सकी. इसके अलावा वैभव सूर्यवंशी ने 6 चौके और 2 छक्के लगाकर 38 रन बनाए. बाकी सभी बल्लेबाज फ्लॉप रहे. अभिषेक शर्मा ने 07 रन, संजू सैमसन ने 07 रन, तिलक वर्मा ने 02 रन, अक्षर पटेल ने 08 रन, शिवम दुबे ने 03 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 13 रन बनाए। बाकी वाशिंगटन सुदंर 07 रन पर नाबाद रहे।







