-गौसपुर बरियारपुर पंचायत में पेड़ की विशाल डाली टूटकर गिरी
-मवेशी और लोग बाल-बाल बचे
राजापाकर। प्रखंड क्षेत्र के बिशनपुर बलभद्र उर्फ गौसपुर बरियारपुर पंचायत के वार्ड संख्या 4 स्थित गौसपुर गांव में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। गांव के मुख्य मार्ग के किनारे खड़ा एक पुराना बरगद का पेड़ अचानक टूट कर गिर पड़ा।
बताया गया कि बीते कुछ दिनों से हो रही रुक-रुक कर बारिश के कारण बरगद के पुराने पेड़ की एक विशाल और भारी डाली जड़ से उखड़कर नीचे गिर गई। गनीमत रही कि घटना के वक्त वहां कोई मवेशी या ग्रामीण मौजूद नहीं था, वरना गंभीर हादसा हो सकता था।
स्थानीय निवासी राजकुमार साह और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि यह जगह आमतौर पर मवेशी बांधने की जगह है और सड़क से गुजरने वाले राहगीर अक्सर वहीं से निकलते हैं। बारिश के कारण उस वक्त कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।
ग्रामीणों ने चिंता जताई है कि पेड़ की अन्य डालियां भी सूखी और कमजोर हो चुकी हैं, जो कभी भी गिर सकती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत इस पेड़ की कटाई या छंटाई कराई जाए, ताकि भविष्य में कोई दुर्घटना न हो।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो अगली बार स्थिति इतनी सौभाग्यशाली नहीं हो सकती।








