उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती को लेकर सियासत गर्म हो गई हैं, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर से बिजली को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने योगी को सबसे असफल मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि यूपी में बिजली आपदा के पीछे मंत्री एके सिंह को जिम्मेदार बताया और कहा कि अब भाजपा में करंट नहीं रहा।
बिजली कटौती को लेकर साधा निशाना
ये स्पष्ट किया जाए कि मुख्यमंत्री जी की समीक्षा बैठक में बिजली मंत्री जी आते नहीं हैं या बुलाए नहीं जाते हैं। अगर आते हैं तो माननीय से अनुरोध है कि उनके ‘कंधे पर हाथ रखकर’ एक तस्वीर आप पोस्ट कर दीजिए, जनता को आपकी ‘आपसी गर्मी’ से तो राहत मिल जाएगी क्योंकि जनता ने आप दोनों को कभी एकांत में साथ देखा नहीं।
भाजपा राज में बिजली के सब-स्टेशनों पर पीएसी लगती है और विधायक-सांसद अपनी ही सरकार के ख़िलाफ़ चिट्ठी लिखकर, जनता के आक्रोश से बचने का कायराना काम करते हैं. भाजपा में अब करेंट नहीं रहा!
यूपी में बिजली कटौती से परेशान लोग
लोगों के गुस्से को देखते हुए कई बीजेपी के विधायकों और सांसदों ने भी बिजली कटौती को लेकर सरकार को चिट्ठी लिखी है. वहीं दूसरी तरफ सीएम योगी आदित्यनाथ का भी बिजली कटौती पर सख्त रवैया देखने को मिला है. सीएम योगी ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.







