उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के बीच जुबानी जंग देखने को मिल रही है। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के अब्दुल वाले बयान पर अब AIMIM के पूर्वांचल अध्यक्ष इसरार अहमद ने तंज कसा है।
इसरार ने कहा- मजहबी समझ पर तरस आता है
उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा, “आजम खान साहब की मजहबी समझ पर तरस आता है मुझे. हो सकता है काफी समय से जेल में रहने के कारण उनकी दिमागी कुछ गड़बड़ा गया हो। अब्दुल को इन्होंने समझा है कि अब्दुल माने अल्लाह होता है और इन्होंने अपने बयान में यह कहा है कि हम अब्दुल से दरी बिछाने की बात कैसे कह सकते हैं।
AIMIM नेता ने आगे कहा, “अब्दुल का मतलब होता है अल्लाह का बंदा, अल्लाह का सेवक, जो आम इंसान है, ये अब्दुल की डेफिनिशन में आता है और आजम खान साहब अब्दुल का माने बता रहे हैं कि अल्लाह के जो 99 नाम हैं, उसमें एक नाम अब्दुल भी है, ऐसा वो कह रहे हैं। तो भाई, आजम खान साहब की इस मजहबी समझ पर और उनकी इस जहानत पर मुझको तरस आता है, उससे ज्यादा क्या कह सकता हूं।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, इस मामले की शुरूआत तब हुई थी जब AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने सपा पर आरोप लगाए थे कि सपा केवल मुस्लिम वोट लेती है, लेकिन उन्हें राजनीतिक हिस्सेदारी नहीं देती। एक रैली में उन्होंने कहा था कि ‘अबदुल सिर्फ दरी नहीं बिछायेगा.’ इसका मतलब था कि अब मुसलमान केवल राजनीतिक रैलियों में काम करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हिस्सेदारी भी लेगा. इसपर हाल ही में जेल से बाहर आये आजम खान ने इस बयान को अल्लाह की तौहीन बताया था।
उन्होंने कहा था कि अब्दुल अल्लाह का नाम है। लानत हो ऐसे इंसान पर जो अब्दुल से दरी बिछाने की बात कर रहा है. उन्होंने ओवैसी से इस बयान के लिए माफी मांगने के लिए भी कहा था. अब AIMIM ने इसी पर प्रतिक्रिया दी है। चुनावों के पास आने पर ये जुबानी जंग और तेज होते दिखाई दे रही है।






