उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और योगी सरकार में मंत्री, सुभासपा चीफ ओम प्रकाश राजभर के बीच एक बार फिर जुबानी जंग देखने को मिली। राजभर ने सपा के PDA फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा, तो अखिलेश ने भी राजभर के सवालों का जवाब देते हुए भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग को लेकर सवाल खड़े किए।
राजभर के इंडिया ब्लॉक में जाने को लेकर सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, ‘जो सपा के वोट से जीतकर गए, वो बीजेपी के वोट से कैसे जीतेंगे.’ अखिलेश ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली कि इंडिया ब्लॉक की बैठक के दौरान उन पर बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए। उन्होंने कहा, ‘तस्वीर अपना बैकग्राउंड बता देती है.’ अखिलेश ने सवाल किया कि ये होर्डिंग बीजेपी ने तो नहीं लगवाए होंगे।
अखिलेश के बयानों पर क्या बोले राजभर?
अखिलेश के इस बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने सपा के PDA फॉर्मूले पर तंज कसा. राजभर ने कहा कि सपा समय-समय पर PDA का फॉर्मूला बदलती है. उन्होंने PDA का नया फॉर्मूला बताते हुए कहा कि P से परिवार, D से धनीराम या दौलतमंद और A से अपराधी. राजभर ने कहा कि P से परिवार में रामगोपाल हैं और D से धनराज नथवानी हैं। अब तीसरा उम्मीदवार कोई अपराधी खोजकर लाएंगे तो PDA पूरा हो जाएगा।
राजभर ने सवाल उठाया कि PDA में ब्राह्मण, पिछड़ा, दलित और मुसलमान कहां गया। उन्होंने कहा कि असली PDA ही गायब है। राजभर ने यह भी सवाल किया कि PDA में P से पंडित कहां गया। उन्होंने कहा कि एक पंडित को तो राज्यसभा भेज देते।
राजभर ने सपा के मुस्लिम नेताओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सपा में जितने मुस्लिम सांसद, विधायक और नेता हैं, उनकी हिम्मत नहीं है कि वे अखिलेश यादव से सवाल करें. राजभर के मुताबिक, उन्हें कहना चाहिए था कि रामगोपाल हमारे वोट से राज्यसभा जाते हैं और हम विधायकों को जिताते हैं, इसलिए राज्यसभा हमारा हक है, लेकिन कोई बोलता नहीं।
‘जबरदस्ती पर्चे वापस करा लिए’
राजभर ने मैनपुरी सांसद डिंपल यादव के निर्विरोध चुनाव को लेकर भीसवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि कन्नौज-मैनपुरी वाली सीट पर डिंपल यादव कैसे निर्विरोध जीतीं। राजभर ने आरोप लगाया कि गुंडे-माफिया लगाकर पर्चा भरने वालों को उठवा लिया गया और जबरदस्ती पर्चे वापस करा लिए गए. इसके बाद ही डिंपल यादव निर्विरोध हुईं।
राजभर ने PDA को लेकर कहा कि ये लोग किसी के नहीं हैं, न मुसलमानों के, न पिछड़ों के, न दलितों के और न सामान्य वर्ग के। उन्होंने फिर सवाल उठाया कि PDA में P से पंडित कहां गया. इस तरह अखिलेश यादव के बयान के बाद राजभर ने भी PDA, राज्यसभा उम्मीदवारों और सपा के सामाजिक समीकरण को लेकर सीधे सवाल खड़े किए।





