बिहार में कानून व्यवस्था के मुद्दे पर बीजेपी के सहयोगी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने हाल ही में सवाल खड़े किए। बिहार के जमुई और दूसरे जिलों में छेड़छाड़ की घटना पर उन्होंने कहा था कि ये चिंता का विषय है। केंद्रीय मंत्री ने यहां तक कह दिया था कि उन्हें शर्म आती है कि वो ऐसी सरकार को समर्थन दे रहे हैं, जहां बेलगाम अपराध है. इस पर आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की प्रतिक्रिया आई है।
संजय सिंह ने कहा, “चिराग पासवान ने तो कई चीजें कह रहे हैं. वो तो संविधान और आरक्षण को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं जो बार-बार विपक्ष भी कहता है. बीजेपी का मकसद संविधान और आरक्षण को खत्म करना है. कानून व्यवस्था के मुद्दे पर तो सम्राट चौधरी ने खुद कहा था कि अगर किसी महिला के साथ छेड़खानी-अपराध हुई तो हम इस्तीफा दे देंगे. कहां छुपे हुए हैं आप? खुलेआम लड़की के साथ अभद्रता हो रही है. उसके वीडियो सामने आ रहा हैं।
बीजेपी क्यों चुनाव आयोग के पक्ष में बोल रही- संजय सिंह
आप सांसद ने SIR विवाद पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल किया कि बीजेपी क्यों चुनाव आयोग के पक्ष में बोल रही है? इसका मतलब है कि बीजेपी निष्पक्ष चुनाव नहीं चाहती। इसका मतलब है कि बीजेपी घपले का चुनाव देश में चाहती है। इसका मतलब ये है कि उन्होंने अब के चुनाव चाहे वो दिल्ली का हो, बिहार में हो, बंगाल में हो, हरियाणा में हो, महाराष्ट्र में हो, मध्य प्रदेश में हो, राजस्थान में हो और छत्तीसगढ़ में हो, घपले करके जीते हैं। ये सारे चुनाव कैंसिल होने चाहिए। संजय सिंह ने कहा कि जब आप लाखों-लाख वोट काट दे रहे हैं और उसके बाद मनमर्जी का चुनाव करा रहे हैं तो जाहिर है कि बीजेपी को फायदा होगा। इसलिए बीजेपी चिल्ला रही है। कोई और पार्टी ज्ञानेश कुमार के पक्ष में नहीं बोल रही है।








