जमुई एनकाउंटर पर ललन सिंह बोले, ‘सम्राट चौधरी की सरकार नीतीश कुमार के…’
बिहार में सत्ता में बैठे नेताओं को बिगड़ी कानून व्यवस्था नहीं दिखाई दे रही है। जमुई में जिस तरह से नाबालिग लड़की के साथ हैवानियत बरती गई। उस वारदात पर इन नेताओं को कोई शर्म नहीं। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा कह रहे हैं कि इस तरह की छुटपुट घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे ही केंद्रीय मंत्री ललन सिंह मामले को 2005 से जोड़कर देख रहे हैं। उनके अनुसार 2005 से पहले जंगल राज था। अब राम राज आ गया है। पिछले बिगड़े राज की आड़ में किसी भी राज्य में जंगल राज स्थापित नहीं किया जा सकता है। बिहार में रेप, मर्डर, डकैती आम बात हो गई।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा, ”जमुई में एक नाबालिग बच्ची के साथ जो घटना हुई वो काफी दुखदाई थी। रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना है, लेकिन उस घटना के बाद बिहार के कुछ राजनीतिक वीरों ने राजनीति शुरू कर दी। उनको शायद यह पता नहीं है कि बिहार में कानून का राज है. यह कानून का राज नीतीश कुमार ने 2006 में लागू किया था और तब से बिहार में कानून का राज है. आज भी सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार नीतीश जी के उसी सिद्धांत पर कानून के राज को स्थापित करने में लगी है।
उन्होंने आगे कहा, ”आज पुलिस प्रशासन ने यह साबित कर दिया है कि बिहार में घटना करने वाले लोग अगर घटना करेंगे तो पुलिस प्रशासन त्वरित कार्रवाई करेगी. अपराधियों को उनकी जगह पर पहुंचाएंगे तो इसलिए हम उन राजनीतिक वीरों से यह आग्रह करेंगे कि जरा 2005 के पहले का बिहार याद कर लीजिए. सूर्यास्त के बाद कोई निकलना नहीं चाहते थे। कोई बहू बेटी नहीं निकलती थी।
पीड़ित परिवार के साथ हम सब खड़े हैं- ललन सिंह
ललन सिंह ने ये भी कहा कि अगर पहले कोई घटना घटती थी तो कोई पूछने वाला नहीं था। आज कानून का राज है और पुलिस प्रशासन त्वरित कार्रवाई करती है. पीड़ित परिवार के साथ हम सब खड़े हैं, सरकार खड़ी है और उनको भरोसा होना चाहिए कि बिहार में सम्राट चौधरी जी की सरकार त्वरित कार्रवाई करेगी और अपराधियों को उनकी जगह पर पहुंचाएगी।





