संसद की गृह मामलों की कमेटी बैठक में मंगलवार को हंगामा हो गया। विपक्ष के मेंबर ने बैठक में पैलेट गन के मामले और जंतर मंतर पर दिल्ली पुलिस की ओर से हुई लाठीचार्ज पर चर्चा करने की मांग की। सूत्रों के मुताबिक कमेटी के चेयरमैन बीजेपी सांसद राधामोहन दास ने चर्चा करने से मना कर दिया। दिल्ली में छात्र आंदोलनों के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल से प्रभावित साहिल के मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर धरना दिया था। राहुल गांधी के 5 घंटे तक धरने पर बैठने के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
राहुल गांधी ने गृह मंत्री पर लगाए आरोप
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि साहिल नाम के शख्स के शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे लगे हैं और उसकी आंख में तीन छर्रे लगे हैं। जांच अपनी जगह जारी रहेगी, लेकिन सबसे पहले यह पता लगना चाहिए कि कथित तौर पर कील लगी लाठियों के इस्तेमाल का आदेश किसने दिया था। क्या इस कार्रवाई का आदेश केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिया था या किसी और ने. अगर इस तरह की कार्रवाई का आदेश गृह मंत्री की ओर से दिया गया था, तो छात्रों पर हुए कथित बर्बर हमले की जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए।
जंतर-मंतर और देश के अन्य हिस्सों में विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसा और पुलिस और सुरक्षा बलों की कार्रवाई की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने पांच सदस्यीय हाई पावर एक्सपर्ट कमेटी का गठन किया है। कोर्ट को उम्मीद है कि कमेटी की रिपोर्ट आगे के फैसले में महत्वपूर्ण सहायता करेगी. सुप्रीम कोर्ट के पूर्व चीफ जस्टिस आर. सुभाष रेड्डी को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है।
सीजेपी दिल्ली में करेगी मार्च
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दिल्ली में 5 सितंबर को एक शांतिपूर्ण विरोध मार्च की घोषणा की। पार्टी ने केंद्र पर आरोप लगाया कि वह 25 जुलाई को युवाओं से किए गए वादों को पूरा नहीं किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि एक महीने पहले किए गए वादों को लागू करने के बजाय, सरकार ने कार्रवाई में देरी की है और स्पष्ट आश्वासन देने से बचती रही है. सीजेपी ने कहा कि एक महीने से सरकार अपने वादे को पूरा करने के बजाय टालमटोल कर रही है, तकनीकी खामियों का सहारा ले रही है और भारत के सुप्रीम कोर्ट के समक्ष भी स्पष्ट प्रतिबद्धता देने से बच रही है।






