उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ की कोतवाली इगलास क्षेत्र में 11 अगस्त को नवनिर्मित गौशाला के ग्राउंड की झाड़ियां में मिली एक अज्ञात महिला की लाश का अलीगढ़ पुलिस और क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग देहात की सयुक्त टीम ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतका के प्रेमी को मथुरा जिले के राया से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त द्वारा पूछताछ करने पर बताया कि मृतका मोना व उसके बीच लंबे समय से दोस्ती थी. पिछले कुछ समय से दोनों के बीच शादी को लेकर मतभेद चल रहा था।
इसी बात से नाराज होकर उसने अपनी प्रेमिका मोना की पत्थर से सर कुचलकर हत्या करके शव को छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस नें गिरफ्तार किए गए आरोपी प्रेमी की निशानदेही पर जिस ईट से महिला का सिर कुचला गया था, उस ईट को पुलिस ने बरामद कर लिया है, साथ ही घटना में इस्तेमाल की बाइक को भी बरामद कर लिया है।
हत्या के बाद पुलिस अधीक्षक समेत फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
दरअसल पूरा मामला 11 अगस्त का है, जहां कोतवाली इगलास अंतर्गत गांव बड़ा खुर्द के जंगल में स्थित नवनिर्मित गौशाला के पास एक अज्ञात महिला की हत्या कर दी गईं थी। हत्या की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस में महिला के शव को बरामद कर लिया था। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत इलाका पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची थी. जहां वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ नीरज कुमार जादौन नें मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके का निरीक्षण किया था और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया था।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ थाना इगलास में केस दर्ज किया था। घटना के अनावरण के लिए थाना इगलास पुलिस व क्रिमिनल इंटेलीजेंस विंग देहात की संयुक्त टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मृतका की शिनाख्त असम राज्य की रहने वाली महिला मोना के रुप में हुई थी. विवेचना के दौरान पाये गए साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त की पहचान मथुरा जिले के थाना राया क्षेत्र के गांव बना निवासी विकास पुत्र निहाल सिंह के रुप में हुई. इसके बाद पुलिस की संयुक्त टीमों ने दबिश देकर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
शादी के मतभेद के चलते युवक ने ईट से कुचला महिला का सर
पूरे मामले पर एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया अभियुक्त द्वारा पुलिस पूछताछ करने पर अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि मृतका मोना व उसके बीच लंबे समय से दोस्ती थी। पिछले कुछ समय से हम दोनों के बीच शादी को लेकर मतभेद चल रहा था. इसी बात से नाराज होकर उसने उक्त प्रेमिका महिला मोना की हत्या कर दी और शव को छोड़कर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी प्रेमी की निशानदेही पर जिस ईट से महिला का सिर कुचला था, उस ईट और घटना में इस्तेमाल की गईं बाइक को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. मृतका के परिजनों को सूचना कर दी गई है। मामले में पुलिस द्वारा अन्य विधिक कार्यवाही प्रचलित की गई.आरोपी को जेल भेज दिया है।







