राजस्थान के बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ स्थित श्री कन्हैयालाल सिखवाल महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम राजकीय विद्यालय से जुड़ा एक मामला इन दिनों चर्चा में है। आरोप है कि स्कूल के कुछ बच्चों को उनके अभिभावकों की जानकारी और अनुमति के बिना राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की शाखा में ले जाया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद बढ़ गया है। इस पूरे मामले को सबसे पहले सोशल मीडिया पर हर्षित मेहला ने उठाया। उनका दावा है कि उन्हें सूचना मिली थी कि सरकारी स्कूल के बच्चों को शाखा में ले जाया गया है। इसके बाद वे कुछ अभिभावकों के साथ मौके पर पहुंचे और वहां का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया. वीडियो वायरल होते ही मामला चर्चा का विषय बन गया।
अभिभावकों ने पूछे कई सवाल
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोग इसे सरकारी स्कूलों की निष्पक्षता और अभिभावकों के अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला बता रहे हैं. वहीं कुछ लोगों का कहना है कि यह एक सामान्य गतिविधि थी और इसे बेवजह राजनीतिक रंग दिया जा रहा है.







