उत्तर प्रदेश स्थित अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बीच शुक्रवार को यह दावा सामने आया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कई सूत्रों ने बताया है कि चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा हो गया है, हालांकि विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उसे ऐसे किसी इस्तीफे की कोई जानकारी नहीं है। चंपत राय विहिप के उपाध्यक्ष भी हैं. विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने कहा, ‘चंपत राय के इस्तीफे को लेकर हमारे पास कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की प्रारंभिक रिपोर्ट में की गई गंभीर सिफारिशों के बाद चंपत राय और ट्रस्ट के न्यासी अनिल मिश्रा पर इस्तीफे का दबाव बढ़ा है। हालांकि, इन दावों के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर अब भी चंपत राय का नाम महासचिव और अनिल मिश्रा का नाम ट्रस्टी के रूप में दर्ज है।
विहिप के अध्यक्ष आलोक कुमार ने स्वीकार किया कि अयोध्या में विहिप के कुछ वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई थी, लेकिन उन्होंने कहा कि उन्हें उस बैठक में हुई चर्चा या किसी फैसले की जानकारी नहीं है. ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव ने भी कहा कि उन्हें किसी इस्तीफे की जानकारी नहीं है. उन्होंने एक समाचार चैनल से बातचीत में कहा, ‘ऐसा लगता है कि कुछ लोग तब तक शांत नहीं होंगे, जब तक उन्हें चंपत का इस्तीफा नहीं मिल जाता.’
कांग्रेस एमपी राजीव शुक्ला ने कहा कि सिर्फ चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे से कोई समस्या का हल नहीं होने वाला है. श्री राम मंदिर दान घोटाले के एक्शन पर सपा नेता पवन पांडेय ने कहा कि मैं इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं मगरमच्छ बचाने का प्रयास है. चंपत राय अनिल मिश्र के इस्तीफे पर बोले कि सिर्फ इस्तीफा नहीं एफआईआर हो गिरफ्तारी हो।
अधिकारियों ने बताया कि छह दिन की जांच के बाद सौंपी गई SIT की शुरुआती रिपोर्ट में गंभीर बातें सामने आई हैं और इससे संकेत मिलता है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस नीति ने दबाव बढ़ा दिया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। ये अटकलें तब तेज हुईं जब इस मामले में FIR में नामजद आठ लोगों को गिफ्तार किया गया।
इस पूरे विवाद की शुरुआत 7 जून को हुई थी, जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावे में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया था. इसके बाद ट्रस्ट के अनुरोध पर 13 जून को एसआईटी का गठन किया गया। एसआईटी ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सरकार को सौंपी. 25 जून की रात इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई और 26 जून को अयोध्या पुलिस ने आठ नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की।