कॉकरोच जनता पार्टी ने 3 जून को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी। इस कार्यक्रम के लिए अनुमति दिलाने को लेकर राष्ट्रीय जनता दल के सांसद मनोज झा द्वारा कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के निदेशक को लिखी गई एक चिट्ठी चर्चा में है। चिट्ठी में पत्रकार सौरभ दास को प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए स्थान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था, हालांकि पत्र में कहीं भी कॉकरोच जनता पार्टी का उल्लेख नहीं है.
अभी तक चुप हैं मनोज झा
इस चिट्ठी को लेकर अब तक मनोज झा की ओर से कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सौरभ दास को हाल ही में कॉकरोच जनता पार्टी का मुख्य प्रवक्ता बनाया गया है। पार्टी ने 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन को सोनम वांगचुक समेत कई चर्चित हस्तियों का समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है, वहीं पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके के अमेरिका से दिल्ली पहुंचने पर एयरपोर्ट पर उनके स्वागत की भी तैयारी बताई जा रही है। कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत सोशल मीडिया पर उस समय चर्चा में आई थी, जब सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश न्यामूर्ति सूर्याकांत की एक टिप्पणी के बाद इससे जुड़ी गतिविधियों ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तेजी से लोगों का ध्यान आकर्षित किया।








