“साहब… एक बीड़ी पिलवा दो.” ये शब्द किसी आम शख्स के नहीं, बल्कि पुलिस मुठभेड़ (Police Encounter) में गोली लगने से घायल हुए एक शातिर बदमाश के हैं। आमतौर पर एनकाउंटर में गोली लगने के बाद अपराधी दर्द से कराहते और पुलिस से रहम की भीख मांगते नजर आते हैं, लेकिन यूपी के मुजफ्फरनगर में एक बदमाश की इस अजीब फरमाइश ने हर किसी को हैरान कर दिया है।
पुलिस की गोली लगने के बाद जमीन पर पड़ा यह बदमाश दर्द से चिल्लाने के बजाय पुलिसकर्मियों से बड़े इत्मीनान से बीड़ी मांगता दिखाई दिया. ‘गोली लगी, लेकिन बीड़ी याद आई’- इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
कैसे हुआ एनकाउंटर?
जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम मुजफ्फरनगर के रामराज थाना क्षेत्र की पुलिस जमालपुर नहर पटरी पर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान पुलिस टीम ने एक बाइक सवार संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया. पुलिस को देखकर और खुद को घिरता महसूस कर युवक ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर सीधा फायर झोंक दिया. पुलिस ने भी आत्मरक्षा (Self-defense) में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी और वह घायल होकर बाइक समेत जमीन पर गिर पड़ा.
शातिर अपराधी है घायल इनाम
जानसठ (मुजफ्फरनगर) की सीओ (CO) ऋषिका सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घायल बदमाश की पहचान ‘इनाम’ के रूप में हुई है. इनाम एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ विभिन्न थानों में लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक संदिग्ध बाइक, एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पैर में गोली लगने के बाद जब पुलिसकर्मी उसे पकड़ने पहुंचे, तो उसने अपनी अजीबोगरीब इच्छा जाहिर करते हुए बीड़ी की फरमाइश कर डाली। फिलहाल घायल बदमाश इनाम को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।








