नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को बिहार की एनडीए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बिहार में 6 महीने में 2 मुख्यमंत्री दिखे। इलेक्टेड सीएम को हटाकर सिलेक्टेड सीएम हो गया। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के पास गृह विभाग है, लेकिन अपराध चरम पर है। महिलाओं के खिलाफ अपराध चरम पर है जबकि केंद्र और बिहार सरकार नारी सशक्तीकरण की बात करती है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि अपराधी बेटियों पर कहर बनकर टूट पड़ हैं। आम बिहारी बहुत चिंता में है. गैंगरेप जैसी वारदातें हो रही हैं। दर्जनों मंत्रियों पर मुकदमा है। ऐसा कोई दिन नहीं बचता जिस दिन आपराधिक घटनाएं नहीं होतीं. हमारी माताओं को देवी जैसा पूजा जाता है, लेकिन इस सरकार के संरक्षण में बलात्कार हो रहा है।
तेजस्वी ने आपराधिक घटनाओं को गिनाया
तेजस्वी यादव ने आपराधिक घटना को गिनाते हुए कहा कि 15 अप्रैल को दरभंगा में गैंगरेप हुआ, सहरसा में खेत में गैंगरेप हुआ, 17 अप्रैल को लखीसराय में दरिंदगी के बाद हत्या की गई. 29 अप्रैल को ऑर्केस्ट्रा की नाबालिग के साथ दुष्कर्म. ये बस चंद दिनों का आंकड़ा है. लॉ एंड ऑर्डर का डिसऑर्डर हो गया है।
तेजस्वी यादव ने कहा, “हमारे सीएम को ये भी नहीं पता होगा कि 65% महिलाओं को खून की कमी है। 29 अप्रैल को मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला संग दुष्कर्म हुआ. 21 अप्रैल को किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ. जमुई में दरिंदगी हुई. 25 अप्रैल को 4 साल की बच्ची से रेप हुआ।
जाति देखकर हो रहा एनकाउंटर : तेजस्वी
सम्राट की पुलिस ने दो दिन में तीन बदमाशों का एनकाउंटर किया है। बीते सोमवार को एक बदमाश का सीवान में और एक का पटना के ट्रांसपोर्टर नगर में हाफ एनकाउंटर हुआ था। आज मंगलवार को पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र में हाफ एनकाउंटर हुआ। इस तरह हो रहे एनकाउंटर पर तेजस्वी यादव ने कहा कि जाति देखकर एनकाऊंटर हो रहा। इन घटनाओं में जो अपराधी शामिल हैं उनके खिलाफ कब कार्रवाई होगी?







