जन सुराज सभी 243 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
राम नरेश
मधेपुरा । 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में जन सुराज सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। आगामी 2 अक्टूबर को जन सुराज अभियान को राजनीतिक दल के रूप में परिवर्तित कर दिया जाएगा।
जन सुराज अभियान के तहत पदयात्रा कर रहे प्रशांत किशोर ने गुरुवार को मधेपुरा में प्रेस वार्ता मे इसकी घोषणा की।उन्होंने कहा कि मैंने घोषणा की है कि मैं इस दल का नेता नहीं हूं। हम पहले नेताओं और राजनीतिक दलों को सलाह देते थे कि किस तरह से संगठित हों, किस तरह से चुनाव अभियान चलाया जाए। वही काम अब 2 अक्टूबर को बनने वाले जन सुराज के लिए करेंगे।
बिहार की राजनीति में प्रशांत किशोर की पार्टी की एंट्री से एनडीए और ‘इंडिया’ गठबंधन की मुसीबत बढ़ने वाली है। सीएम नीतीश और लालू यादव के लिए प्रशांत किशोर परेशानी खड़ा करने वाले हैं। प्रशांत किशोर को लेकर आरजेडी ने पहले ही लेटर जारी किया था।
कुछ समय पहले प्रशांत किशोर के जन सुराज अभियान को लेकर लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने कड़ा एक्शन लिया। इससे संपर्क में आए राजद के नेताओं पर कार्रवाई शुरू की। अब इस तरह की कार्रवाई क्या दूसरे दलों को भी करना पड़ेगा?








