दिल्ली सरकार ने महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा योजना को लेकर अहम फैसला लिया है। सरकार ने ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ को अनिवार्य बनाने की समय-सीमा आगे बढ़ा दी है। अब 15 अगस्त 2026 तक डीटीसी और क्लस्टर बसों में कागजी पिंक टिकट के जरिए मुफ्त यात्रा की सुविधा जारी रहेगी, जबकि 16 अगस्त 2026 से यह लाभ सिर्फ वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड रखने वाली महिलाओं को ही मिलेगा।
15 अगस्त तक जारी रहेगी मौजूदा व्यवस्था
महिला यात्रियों को राहत देते हुए दिल्ली सरकार ने मुफ्त बस यात्रा की मौजूदा व्यवस्था को दो सप्ताह और जारी रखने का फैसला किया है। अब 15 अगस्त 2026 तक बस कंडक्टर पहले की तरह पात्र महिला यात्रियों को पिंक टिकट जारी करेंगे और उसी के आधार पर मुफ्त यात्रा की सुविधा उपलब्ध रहेगी. सरकार का उद्देश्य नई व्यवस्था लागू होने से पहले सभी महिलाओं को पर्याप्त समय देना है।
16 अगस्त से ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ होगा अनिवार्य
सरकार ने स्पष्ट किया है कि 16 अगस्त 2026 से डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (एनसीएमसी) अनिवार्य होगा। इसके बाद कागजी पिंक टिकट की व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी और केवल स्मार्ट कार्ड के माध्यम से ही योजना का लाभ मिल सकेगा।
पहले 1 अगस्त से लागू होना था नया नियम
10 जुलाई 2026 को जारी आदेश के मुताबिक 1 अगस्त से केवल पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड रखने वाली महिलाओं को ही मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने वाली थी। हालांकि बड़ी संख्या में महिलाओं के कार्ड बनवाने की प्रक्रिया अभी जारी है. इसी को देखते हुए सरकार ने समय-सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया, ताकि किसी भी पात्र महिला को योजना के लाभ से वंचित न होना पड़े।
कार्ड बनवाने के लिए अभियान होगा और तेज
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने विभाग के सभी अधिकारियों, डिपो मैनेजर, रीजनल मैनेजर और बस कंडक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ बनवाने की प्रक्रिया में महिला यात्रियों की हरसंभव मदद करें. इसके साथ ही बसों, डिपो, सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के जरिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने को भी कहा गया है, ताकि हर पात्र महिला तक नई समय-सीमा की जानकारी समय रहते पहुंच सके।
15 अगस्त तक किसी भी महिला को नहीं होगी परेशानी
सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 15 अगस्त 2026 तक मौजूदा व्यवस्था के तहत किसी भी पात्र महिला को मुफ्त यात्रा की सुविधा से वंचित नहीं किया जाए। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि नई प्रणाली लागू होने तक यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
17 लाख से अधिक महिलाओं के बन चुके हैं स्मार्ट कार्ड
परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार 31 जुलाई 2026 तक कुल 17,04,042 पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। यह आंकड़ा बताता है कि बड़ी संख्या में महिला यात्री नई डिजिटल व्यवस्था से जुड़ चुकी हैं. सरकार को उम्मीद है कि 16 अगस्त से पहले बाकी पात्र महिलाएं भी अपना कार्ड बनवाकर बिना किसी रुकावट के मुफ्त यात्रा का लाभ उठाती रहेंगी।






