अखिल भारतीय किसान सभा, जिला गौतम बुद्ध नगर इकाई की कार्यकारिणी द्वारा संगठन का 90वां स्थापना दिवस उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मासिक बैठक का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत झंडारोहण एवं संगठन के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए की गई। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने बताया कि किसान सभा की स्थापना 11 अप्रैल 1936 को लखनऊ अधिवेशन में की गई थी। इसके संस्थापकों में स्वामी सहजानंद सरस्वती, जवाहरलाल नेहरू, जयप्रकाश नारायण, एन. जी. रंगा एवं ई. एम. एस. नंबूदरीपाद जैसे महान नेता शामिल थे। वर्ष 1941 में राहुल सांकृत्यायन इसके अध्यक्ष बने।
उन्होंने कहा कि किसान सभा की स्थापना का मूल उद्देश्य जमींदारी उन्मूलन था। संगठन ने तेभागा आंदोलन एवं तेलंगाना किसान आंदोलन जैसे ऐतिहासिक आंदोलनों का नेतृत्व किया, जिसके परिणामस्वरूप देश में जमींदारी उन्मूलन कानून बने तथा केरल, पश्चिम बंगाल एवं कश्मीर जैसे राज्यों में व्यापक भूमि सुधार लागू हुए।
जिला अध्यक्ष ने आगे कहा कि किसान सभा आज भी किसानों का एक मजबूत और संघर्षशील संगठन है, जिसकी सदस्यता देशभर में लगभग 1 करोड़ 67 लाख है। गौतम बुद्ध नगर में भी संगठन ने किसानों के विभिन्न मुद्दों—जैसे आबादी नीति, भूमिहीनों के लिए प्लॉट, रोजगार नीति, फीस रेगुलेशन, 12 मीटर रोड पर प्लॉटों का नियोजन एवं मुआवजा वृद्धि—को लेकर अनेक ऐतिहासिक आंदोलन किए हैं। एवं ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है।
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने बताया कि हाल ही में महाराष्ट्र में एक लाख किसानों ने लॉन्ग मार्च कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि संगठन की इकाइयाँ कश्मीर से कन्याकुमारी तथा अंडमान-निकोबार तक सक्रिय हैं।
बैठक के दौरान वर्तमान समय में किसानों के समक्ष उपस्थित प्रमुख समस्याओं—जैसे फसल का उचित मूल्य, बढ़ती लागत, भूमि संबंधी विवाद एवं अन्य जनहित के मुद्दों—पर विस्तृत चर्चा की गई तथा इन समस्याओं के समाधान हेतु संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक का संचालन महासचिव द्वारा किया गया। इस दौरान नई कार्यकारिणी के समक्ष दायित्वों का बंटवारा किया गया, जिसमें:
प्राधिकरण स्तर के मुद्दों पर सहसंयोजक एवं प्रवक्ता जगबीर नंबरदार
सीट/स्थानीय मुद्दों पर संदीप भाटी (चौगानपुर)
रोजगार से संबंधित मामलों पर अजय पाल भाटी
बिजली संबंधी मुद्दों पर गुरप्रीत एडवोकेट
कार्यालय सचिव के रूप में अशोक भाटी
पुलिस उत्पीड़न के मामलों पर सुशील भाई
को जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। रोबिन भाटी सोशल मीडिया की जिम्मेदारी संभालेंगे।
सहसंयोजक जगबीर नंबरदार ने कहा कि संगठन 10% प्लॉट, नए भूमि कानून के क्रियान्वयन, आबादियों के निस्तारण एवं भूमिहीनों को वेंडिंग जोन में आवंटन के लिए प्रतिबद्ध है और इन मुद्दों के समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से बुधपाल यादव, सुरेंद्र यादव, विजयपाल यादव, सुरेश यादव, दुष्यंत सेन, निरंकार प्रधान, देशराज राणा, ओम दत्त, राकेश चौहान, यतेंद्र (पप्पू), मुकुल यादव, कृष्ण यादव, अंकित यादव, भगत सिंह (राहुल नागर), मुकेश खेडी, डॉ. जगदीश, मोनू मुखिया, करतार नगर, नरेश नगर, करण सिंह, सुधीर रावल, भोजराज रावल, सूबेदार राम भूल, सतीश गोस्वामी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में संगठन को मजबूत करने, अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने एवं उनके अधिकारों की लड़ाई को तेज करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम का समापन किसान एकता और संघर्ष के संकल्प के साथ किया गया।








