नोएडा। सेक्टर-11 स्थित सहारा कैंपस से एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। 2014 से अपने लंबित वेतन की मांग को लेकर पिछले 115 दिनों से धरने पर बैठे सहारा कर्मचारियों के लिए शनिवार का दिन उम्मीद की नई किरण लेकर आया। जानकारी के अनुसार, सहारा मैनेजमेंट ने 196 कर्मचारियों की बकाया राशि से संबंधित पूरी डिटेल्स सुप्रीम कोर्ट को भेज दी है। यह कदम कर्मचारियों के संघर्ष की दिशा में एक बड़ा और सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

इस खुशी के मौके पर धरने स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने आपसी सहयोग से भंडारे का आयोजन किया, जिसमें सभी कर्मचारियों ने एक साथ प्रसाद ग्रहण किया और अपने संघर्ष के जल्द समाधान की कामना की। धरने पर बैठे कर्मचारियों ने कहा कि यह कदम भले छोटा हो, लेकिन यह न्याय की दिशा में एक बड़ी शुरुआत है। अब सभी की निगाहें सुप्रीम कोर्ट के आने वाले फैसले पर टिकी है।








