राजधानी दिल्ली के पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से जुड़ा एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। ट्रेन में सीट को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की जान चली गई। घटना के बाद रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी रेलवे के मुताबिक, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाना (PS ODRS) को शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर हुई हिंसक मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा योगा एक्सप्रेस में सीट को लेकर चढ़ने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान कुछ सहयात्रियों के साथ उनका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सहयात्रियों ने पंकज के साथ जमकर मारपीट की। उन्हें मुक्कों और लातों से बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।








