पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के सीनियर नेता विजय गोयल अपनी ही सरकार पर भड़क गए हैं। अपने सोशल मीडिया पोस्ट में विजय गोयल ने आरोप लगाया कि दिल्ली नगर निगम (MCD) और सरकार के अफसर काम नहीं कर रहे। यही नहीं, उन्होंने यहां तक कहा कि सांसद, विधायक और पार्षद सरकार के अफसर से काम करवाने के लिए धक्के खा रहे हैं। अपने एक्स पोस्ट में विजय गोयल ने जनप्रतिनिधियों और अफसरों का जिक्र करते हुए कहा कि कहीं से कूड़ा उठा देते हैं तो लगता है कि बहुत बड़ा काम करवा लिया। उन्होंने ये भी कहा कि आखिर इन अफसरों के होते हुए कूड़ा क्यों जमा हो जाता है।
अफसरों से गिड़गिड़ाते हैं जनप्रतिनिधि- गोयल
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने ये भी कहा कि सीवर, पानी, बिजली, नाली, सड़क और खरंजा की समस्याओं पर चुने हुए प्रतिनिधि इन अफसरों के गिड़गिड़ाते हैं. फिर भी काम नहीं हो पाता है. जब जनप्रतिनिधि की नहीं सुन रहे तो फिर जनता को कौन पूछ रहा है.
आप के पूर्व विधायक ने क्या कहा?
बीजेपी नेता के पोस्ट पर द्वारका के पूर्व विधायक और आप नेता विनय मिश्रा ने कहा, “सोचिए कि प्रधानमंत्री इनके, राष्ट्रपति, सांसद, विधायक, मंत्री , मुख्यमंत्री , MCD, पुलिस सब इनके, फिर भी इन्हें सोशल मीडिया पर आकर रोना पड़ रहा है कि ऑफिसर काम नहीं कर रहे हैं. कहां से काम करेंगे ऑफिसर विजय गोयल जी, जिस ऑफिसर को विधायकों के सामने काम सुनने की जिम्मेदारी होती है उस ऑफिसर को आप लोगो ने अपराधी बना दिया था ताकि वो ऑफिसर अरविंद केजरीवाल जी का काम रोके. आज वही ऑफिसर आपके साथ वही कर रहे तो आप लोग गुस्सा क्यों हो रहे हैं? सभी ऑफिसर का नाम याद रखा हूं, आज न कल जवाब तो देना पड़ेगा. चीफ सेक्रेटरी नरेश कुमार का नाम नहीं भुला हूं जिसने दिल्ली की जनता को खूब टार्चर किया था।

