द न्यूज 15
देवरिया। उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में तो भाजपा का परचम लहराया ही अब एमएलसी चुनाव़ में भी भाजपा अपनी जीत दर्ज कर रही है। देवरिया कुशीनगर स्थानीय प्राधिकार क्षेत्र में हुए एमएलसी चुनाव में भाजपा के रतन पाल सिंह ने सपा के डॉ. कफील खान को 3224 मतों से हरा दिया। कड़ी सुरक्षा के बीच कलेक्ट्रेट में हुई मतगणना में बीजेपी प्रत्याशी ने शुरू से ही बढ़त बना ली थी।
एमएलसी चुनाव में भाजपा के रतनपाल ने 4255 मत प्राप्त किये तो डॉ. कफील खान मात्र 1031 मत हजी हासिल कर सके। कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार को देवरिया-कुशीनगर स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र के लिए कलेक्ट्रेट में मतगणना हुई। मतगणना के दौरान करीब 10:30 बजे तक ही जीत की स्थिति साफ होने लगी। बीजेपी से दावेदारी कर रहे डॉ. रतनपाल सिंह अंत तक 3224 मतों से आगे बने रहे, उनके बढ़त को देख समर्थकों के चेहरे पर खुशी का भाव बना रहा। मतगणना के लिए लगाए गए 8 टेबल पर गिनती की गई थी।
उधर सपा के प्रत्याशी कफील खान को 1031 वोट ही मिल सके। इनके अलावा भारतीय कृषक दल के विनय प्रकाश श्रीवास्तव को 2 मत, जनता-समता पार्टी के मुक्ति नाथ सिंह को 11, निर्दलीय शैलेश कुशवाहा को 18 और आफताब आलम को 5 वोट ही मिले। मतगणना में 102 मत अवैध पाए गए। इस सीट के लिए देवरिया और कुशीनगर जिले के कुल 5526 में से 5424 जनप्रतिनिधियों ने मतदान किया था। बड़े अंतर से जीत पर भाजपा के समर्थकों में खुशी का माहौल है।

