कुंडली के टीडीआई बीपीएल फ्लैट्स में देर रात खामोशी को चीरती हुई एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। एक सनकी शख्स ने पति-पत्नी समेत तीन लोगों को तेजधार हथियार से मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ब्रह्मप्रकाश ने ऐसे हमला किया कि पति-पत्नी समेत एक अन्य महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते तीनों की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
इस खौफनाक ट्रिपल मर्डर में मारे गए लोगों की पहचान विजय, उसकी पत्नी सुनीता, दोनों निवासी कोट मोहल्ला, सोनीपत और तीसरी महिला स्वाति, निवासी गांव बडोली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हमला इतना बर्बर था कि पूरा फ्लैट खून से सन गया। चीख-पुकार के बीच कुछ ही पलों में तीनों की सांसें थम गईं और पीछे रह गया सन्नाटा, जो इस दरिंदगी की कहानी खुद बयां कर रहा है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, क्राइम ब्रांच और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एफएसएल टीम मौके से सबूत जुटा रही है, ताकि इस खौफनाक मर्डर की गुत्थी को सुलझाया जा सके। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है. वहीं, पुलिस आरोपी ब्रह्मप्रकाश की तलाश और उसके बैकग्राउंड की गहनता से जांच कर रही है।
आरोपी ब्रह्मप्रकाश टीडीआई बीपीएल फ्लैट्स में ही रहता था, जो कुंडली के एक निजी स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था. बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले लोहे की रॉड से हमला किया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार करते हुए एक-एक कर तीनों की बेरहमी से हत्या कर दी और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह सिर्फ सनक थी या फिर इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या बड़ी साजिश छिपी है? फिलहाल इस ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में खौफ का माहौल है और हर किसी की नजर अब पुलिस के खुलासे पर टिकी है।








