Site icon Thenews15.in

चमोली में सरकारी अस्पताल की जर्जर दीवार गिरने से दर्दनाक हादसा, चिकित्सा प्रभारी की मौत

दीवार गिरने से चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन डिमरी की मौत

 

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। नारायणबगड़ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में शनिवार को क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। दीवार के मलबे में दबने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

 

मरम्मत कार्य के दौरान हुआ हादसा

 

जानकारी के अनुसार, शनिवार को अस्पताल परिसर में क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था। चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान पहले से कमजोर और खोखली हो चुकी दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला।
 

मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया

 

घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी, स्थानीय व्यापारी और आसपास मौजूद लोग तत्काल मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया और मलबे में दबे डॉ. डिमरी को बाहर निकाला। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रिया घिल्डियाल ने उनकी हालत गंभीर बताई, जिसके बाद उन्हें तत्काल हायर सेंटर रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।

 

बारिश में क्षतिग्रस्त हुई थी दीवार

 

बताया जा रहा है कि भारी बारिश के दौरान अस्पताल परिसर में मलबा आने से सुरक्षा दीवार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद दीवार की मरम्मत का काम शुरू कराया गया था। इसी कार्य का निरीक्षण करते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।

Exit mobile version