• प्रदेश से पूंजी पलायन पर लगे रोक
• कचहरी, शिब्ली समेत अन्य कॉलेजों में किया संपर्क-संवाद
आजमगढ़ । देश में एक जवाबदेह सरकार हो जो आम नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों को सुनिश्चित करे और संसाधनों के लिए कारपोरेट की सम्पत्ति पर टैक्स लगाए। नई पीढ़ी द्वारा उठाए गए इस सवाल को लेकर मिर्जापुर से शुरू हुई पूर्वांचल यात्रा आज आजमगढ़ पहुंची। जिसने कचहरी में अधिवक्ताओं और शिब्ली नेशनल कालेज, डीएवी व अन्य कॉलेजों में संपर्क संवाद किया।

संवाद में वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश का विकास अवरुद्ध है। सरकार का इन्वेस्टर समिट मजाक बनकर रह गया है। पूंजी निवेश की बात कौन कहे उत्तर प्रदेश में लोगों की बैंकों में जमा पूंजी का पलायन हो रहा है। प्रदेश की 50 प्रतिशत पूंजी दूसरे विकसित राज्यों में जा रही है। आज जरूरत इस बात की है कि प्रदेश की पूंजी का यहीं रोजगार सृजन के लिए निवेश किया जाए। संवाद में यह भी कहा गया कि देश में संसाधनों की कमी नहीं है अगर कॉर्पोरेट की संपत्ति पर टैक्स लगाया जाए और काली पूंजी की अर्थव्यवस्था को नियंत्रित किया जाए तो रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन जैसे संवैधानिक अधिकारों को सुनिश्चित किया जा सकता है।
वक्ताओं ने कहा कि देश में असमानता और सामाजिक विषमता लगातार बढ़ती जा रही है। एक प्रतिशत सुपर रिच के हाथ में देश की 60 प्रतिशत से ज्यादा संपत्ति है और 50 प्रतिशत आबादी के पास महज तीन प्रतिशत संपत्ति है। 93 प्रतिशत मजदूर परिवार दस हजार रूपए मासिक आमदनी से कम पर अपनी जीविका चला रहे हैं। एससी, एसटी, अति पिछड़े, महिला जैसे कमजोर तबके हाशिए पर धकेल दिए गए हैं। इन सामाजिक समूहों के प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करना और बजट में विशेष प्रावधान किया जाना चाहिए ताकि इनका समुचित विकास हो सके। संवाद का संचालन डॉ. शम्मी कुमार सिंह और यात्रा का स्वागत शिब्ली नेशनल कालेज छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री नुरूल हुदा ने किया।
यात्रा में ऑल इंडिया पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश महासचिव दिनकर कपूर, भारतीय मानव समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामधनी बिंद, डॉ. राम प्रकाश गौतम, रोजगार अधिकार अभियान के नेशनल कोऑर्डिनेटर राजेश सचान, निशांत राज, अमन कुमार सिंह, सविता गोंड, रूबी सिंह गोंड, कृपाशंकर पनिका, इंद्रदेव खरवार, नितेश सिंह, अर्जुन प्रसाद, गुंजा गोंड, सुगवंती गोंड आदि लोगों ने भी बातचीत रखी।

