लखनऊ । भैंसों की नीलामी का फैसला: लखनऊ नगर निगम अपने कांजी हाउस और गोशालाओं में बंद 243 भैंसों (241 भैंस, 1 भैंसा और 1 पड़िया) की खुली नीलामी करने जा रहा है। ये सभी पशु बीते दिनों पारा इलाके में चल रही अवैध डेयरियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान जब्त किए गए थे।
नीलामी की शर्तें व तारीख:
तारीख: नीलामी प्रक्रिया 24 अगस्त को आयोजित की जाएगी।
बेस प्राइस (न्यूनतम कीमत): नगर निगम ने प्रति भैंस ₹20,500 का बेस प्राइस तय किया है।
धरोहर राशि (Security Deposit): नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने वाले बोलीदाताओं को ₹1,02,000 की धरोहर राशि अग्रिम जमा करानी होगी।
निगम का कड़ा संदेश:
पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि मेयर और नगर आयुक्त के निर्देशानुसार यह सख्त कदम उठाया गया है। जब्त किए गए पशुओं को नीलाम करने का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अवैध डेयरी संचालक जुर्माना भरकर अपने जानवरों को वापस न छुड़ा सकें और शहर में अवैध डेयरियों पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके।






