पटना। तेज प्रताप यादव शारदीय नवरात्र में भी भक्ति के रंग में नजर आए। उनके पटना के आवास 42ए, हार्डिंग रोड पर दुर्गा माता की प्रतिमा स्थापित की गई है। महाअष्टमी के दिन वहां का दृष्य बदला और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपनी दो बेटियों मीसा भारती और रोहिणी आचार्य के साथ तेज प्रताप यादव के आवास पहुंचे और वहां मां दुर्गा की प्रतिमा की पूजा की। लालू परिवार में अगर किसी की वहां कमी थी तो वो थे राजद के कार्यकारी अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव। उन्होंने भाई के घर पूजा कार्यक्रम में जाने से परहेज किया।
तेजस्वी यादव क्यों नहीं गए तेज प्रताप यादव के घर?
हालांकि कहने को तो ये निजी मामला है, लेकिन जब तेजस्वी यादव सार्वजनिक जीवन में हैं, तो ये सवाल उठने लाजिमी थे। चर्चा यही थी कि सब आए लेकिन तेजस्वी यादव क्यों नहीं आए? क्यों उन्होंने बड़े भाई तेज प्रताप यादव के घर जाने से परहेज किया? पिता लालू प्रसाद यादव के साथ वो भी आ सकते थे, वो भी तब जब परिवार को लेकर हाल ही में तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर एकजुटता दिखाई। इसके पीछे कई कारण माने जा रहे हैं।
विवादों से खुद को दूर रखने की कोशिश!
एक चर्चा ये भी है कि राजनीति के इस दौर में तेज प्रताप यादव के साथ विवाद जुड़ते रहे हैं। तेजस्वी यादव शायद ये नहीं चाहते कि उन पर इन विवादों की छाया भी पड़े, क्योंकि बड़े भाई के बचाव में अगर वो कुछ बोलते हैं तो वो विरोधियों के लिए एक मौका साबित हो सकता है। ऐसे में तेजस्वी यादव तेज प्रताप यादव से दूरी बनाकर खुद को विवादित छवि से दूर रखने की कोशिश भी कर रहे हैं।
सत्ता संघर्ष में कमजोर नहीं दिखना चाहते तेजस्वी
इशारों में कई बार इस बात की सियासत में चर्चा हुई है कि लालू प्रसाद यादव की विरासत के हकदार बड़े बेटे तेज प्रताप यादव हो सकते थे। लेकिन तेजस्वी यादव ने खुद को शुद्ध राजनीतिक बनाकर राजद की विरासत संभाली। एक तरह से समझिए तो राजद के अंदर सत्ता संघर्ष के बाद ही तेजस्वी कार्यकारी अध्यक्ष बन पाए। अब वो इस जंग में कहीं से कमजोर नहीं दिखना चाहते, ये भी एक वजह हो सकती है कि उन्होंने तेज प्रताप यादव के पूजा कार्यक्रम से दूरी बनाई।
तेज प्रताप पर चुनाव का गुस्सा भी एक वजह
तेजस्वी यादव के तेज प्रताप यादव के घर न जाने की एक वजह ये भी हो सकती है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में तेज प्रताप यादव ने जन शक्ति जनता दल बनाकर अलग से चुनाव लड़ा था। तेज प्रताप यादव कई दफे बीजेपी नेताओं जैसे सांसद और एक्टर रवि किशन, विजय कुमार सिन्हा के साथ एयरपोर्ट पर नजर भी आए थे। माना जाता है कि तेज प्रताप यादव की बागी छवि ने भी राजद को थोड़ा बहुत नुकसान पहुंचाया। ऐसे में तेजस्वी यादव के अंदर चुनावी गुस्सा भी हो सकता है। एक सभा में तो तेजस्वी यादव का नाम लेने पर तेज प्रताप यादव ने भीड़ को जबरदस्त तरीके से डांटा तक था।
एयरपोर्ट पर जब तेज प्रताप ने तेजस्वी को नहीं दी तरजीह
चुनाव के दौरान ही तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव एयरपोर्ट पर आमने-सामने हुए थे। उस वक्त उनके साथ VIP नेता मुकेश सहनी भी थे। तेजस्वी ने मुस्कुराते हुए तेज प्रताप यादव के बारे में उनके साथ खड़े एक शख्स से पूछा कि भइया कुछ खरीद रहे हैं क्या? उस दौरान भी तेज प्रताप यादव ने छोटे भाई की तरफ देख कर न मुस्कुराया और न ही कोई जवाब दिया। शायद तेजस्वी उस बात के चलते भी तेज प्रताप यादव के पास नहीं जाना चाहते होंगे। हालांकि ये सारी बातें चर्चाएं और कयास है। असली वजह तेजस्वी यादव ही बता सकते हैं।