पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी घटना
लखीसराय। जिले के तेतरहट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दो गुटों के बीच तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना के बाद पुलिस-प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की है। वहीं, आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि एक धार्मिक स्थल पर लगे झंडे को तीन युवकों द्वारा तोड़ने की घटना सामने आई। यह घटना उस समय उजागर हुई जब पास में अपने पशु चरा रही एक महिला ने इसे देखा और गांव वालों को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और तीनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
घटना की जानकारी मिलते ही तेतरहट थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने वरीय अधिकारियों को सूचित किया। तत्पश्चात एसडीएम प्रभाकर कुमार और एसडीपीओ शिव कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला कि तीनों युवकों ने झंडे की लकड़ी का उपयोग मवेशियों के लिए पत्तियां तोड़ने में किया था। इनमें से दो नाबालिग हैं जबकि एक युवक वयस्क है। तीनों का संबंध दूसरे समुदाय से होने के कारण कुछ ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था, लेकिन समय रहते पुलिस और प्रशासन ने लोगों को समझाकर माहौल शांत कर दिया।
एम का बयान:
जिला अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह दो समुदायों के बीच कोई सुनियोजित विवाद नहीं था, बल्कि बच्चों की नासमझी के कारण यह घटना हुई है। फिर भी कानून के तहत आरोपियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है और पुलिस लगातार गश्त कर रही है। संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बलों की संख्या बढ़ा दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।








